एक तांत्रिक ने रूहानी इलाज करने के बहाने एक 21 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म कर दिया। तांत्रिक ने महिला को नशीला पदार्थ मिलाकर एक लड्डू खिलाया। वह दो दिन तक बेहोश रही। जब भी होश आता था वह दहाड़ मारकर रोने लगती थी। इसके बाद दोबारा सो जाती थी। पीड़ित महिला के पति ने जब उससे दबाव देकर पूछा तो उसने तांत्रिक की सारी करतूत के बारे में बता दिया।
इसके बाद वह पत्नी के साथ खजूरी थाने पहुंचा। जहां पुलिस ने पीड़ित महिला के बयान पर उसे मेडिकल जांच के लिए भेजा, जांच में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। आरोपी तांत्रिक अपने घर से फरार है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक पीड़ित महिला की एक वर्ष पहले ही शादी हुई थी। वह खजूरी में एक किराए के मकान में रहती है। पीड़िता को रात को बुरे सपने आते थे। जिससे वह डर जाती थी। इसी दौरान पीड़िता का पति किसी काम से अपने गांव गया था। पति के गैर मौजूदगी में पड़ोस में रहने वाली एक महिला उसकी पत्नी को पहलवान नामक तांत्रिक के पास लेकर गई। जहां तांत्रिक ने झाड़ फूंक करने के बाद महिला को दोबारा बुलाया। इस बार महिला अपने पति को भी साथ ले गई। झाड़फूंक करने के बाद तांत्रिक ने महिला के पति को लड्डू लाने के लिए भेज दिया। महिला का पति जैसे ही लड्डू लेकर पहुंचा। तांत्रिक ने महिला के साथ दोबारा झाड़फूंक शुरू कर दी। इसके बाद तांत्रिक ने महिला के पति को यह कहकर कमरे से बाहर भेज दिया कि रूहानी इलाज अकेले में किया जाता है। इसलिए उसे बाहर जाना होगा।