गूगल अर्थ को वर्चुअल ग्लोब की संज्ञा दी जा सकती है। इसमें सेटेलाइट के माध्यम से धरती की तस्वीरें ली जाती हैं, जिन्हें बाद में उन्हें कंप्यूटर पर देखा जा सकता है। इस प्रोग्राम को डाउनलोड कर अपने कंप्यूटर पर स्टोर किया जा सकता है। नए वर्जन गूगल अर्थ 6 में कई नई चीजें हैं, जिसके कारण अब इसकी उपयोगिता और बढ़ गई है।

थ्री डी ट्री (Google 3D Trees): गूगल अर्थ पर थ्री डी इमारतें देखी जा सकती थीं, अब इसमें भी कुछ नया किया गया है। गूगल अर्थ के इस नये अवतार में बिल्डिंगों के साथ-साथ पेड़ों की भी त्रिआयामी तस्वीरें देखी जा सकती हैं। त्रिआयामी तस्वीरें बेहद मजेदार होती हैं और इनको देखकर इस तरह का आभास होता है मानो आप खुद उस स्थान की सैर कर रहे हों।
इतिहास का झरोखा (History of Buildings) : यह एक ऐसा फीचर है जो इस वर्जन की सबसे खास बात कही जा सकती है। इस फीचर के जरिये किसी भी इलाके के पुराने रूप को देखा जा सकता है। अमुक समय में कोई शहर कैसा नजर आता था, यह सब इस फीचर के जरिये देखा जा सकता है, जैसे 1938 में लंदन शहर की तस्वीर कैसी थी, 1947 से पहले दिल्ली कैसी दिखती थी आदि। कुल मिलाकर धरती के नक्शे के आधार पर अपनी जानकारी बढ़ाने वालों के लिए गूगल अर्थ 6 अब और उपयोगी और मनोरंजक हो गया है।