Menu

Success quotes in hindi - Hindi Quotes Collectionsसफलता कोई जादू नहीं है, जिसे हम पलक झपकते ही प्राप्त कर लें। यह हमारे सतत् प्रयास, हमारी सकारात्मक मनोवृत्ति, कार्य करने के सुनियोजित ढंग और अनुशासन पर निर्भर करती है। यदि हम सफल लोगों की जीवनी को देखें तो पाएंगे कि उनमें कई ऐसी आदतें हैं, जिनके बल पर वे महान बने। विपरीत परिस्थितियों में भी सफलता की बुलंदियों को छूना हो तो सफल लोगों से प्रेरणा अवश्य लेनी चाहिए। ऐसे में दुनिया के सफल और महान लोगों के बारे में जानने, उनकी कार्य-पद्धति को समझने, कठिनाइयों से जूझने की उनकी हिम्मत से शिक्षा ग्रहण करने और फिर उनकी अच्छाइयों को अपनी जिंदगी में ढालने से ही सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है। सफल लोगों में ये बातें जरूर देखने को मिलती हैं, जिन्हें आप भी अपनाएं-
काम का जुनून : सफल व्यक्तियों में काम का जुनून होता है। खेल, राजनीति, साहित्य, कला आदि किसी भी क्षेत्र में सफलता के लिए अपने काम से प्रेम होना अनिवार्य है। कामचलाऊ काम से बात नहीं बनती, बल्कि काम का जुनून ही मंजिल के करीब ले जाता है।
सोच व कार्य : सफल लोगों द्वारा अपने जीवन में कोई भी फैसला काफी सोच-समझ कर लिया जाता है। खास बात यह है कि निर्णय लेने के साथ ही उस पर अमल भी शुरू हो जाता है। काम के दौरान हुई गलतियों से सीखने की भी कोशिश की जाती है। सफलता के लिए ये बातें जरूरी हैं।
फोकस्ड : सफल लोगों को पता होता है कि उनकी मंजिल क्या है और उस ओर जाने का रास्ता क्या है। वे दो नावों पर एक बार सवार नहीं होते हैं। वे लक्ष्य को लेकर फोकस्ड होते हैं। न तो उनके विचारों में भटकाव होता है और न ही कार्यों में।
संगति : सफल लोगों की संगति भी अच्छी होती है। इसका फल अच्छा मिलता है। सकारात्मक सोच वाले और खास फील्ड के विशेषज्ञों की संगति आगे बढ़ने में मददगार होती है।
अपनी क्षमता पर यकीन : जो लोग सफल हैं, उन्हें अपनी क्षमता पर यकीन होता है। एक ओर जहां वे खूब परिश्रम करते हैं, वहीं वे असंभव जैसे शब्द पर यकीन नहीं करते।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बेचैन : सिर्फ अच्छा नहीं, बल्कि सर्वोच्च प्रदर्शन भी आगे बढ़ने की उनकी अभिलाषा को शांत नहीं कर पाती। औसत काम तो उनकी दिनचर्या में होता ही नहीं है।
संतुलित दिनचर्या : सफल लोग संतुलित ढंग से जीवन जीने में यकीन करते हैं। खान-पान, आराम, मनोरंजन और काम केबीच बेहतर तालमेल के बल पर ही वे जिंदगी में आगे बढ़ पाते हैं। वाकई बेहतर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य से ही अपने लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।


सफल लोगों का अनुकरण करने से हमें उन तरीकों को समझने में आसानी होती है, जो हमें मंजिल की ओर जाते हैं। जिस फील्ड में भी आपकी रुचि हो, उसमें सफल लोगों की लिस्ट बना लें और उनकी जीवनी की जानकारी लें, उनसे सीखें और विभिन्न अच्छाइयों को अपने जीवन में उतार लें। आपका प्रयास जरूर रंग लाएगा। टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर ने एक बार नए खिलाड़ियों को सीख देते हुए कहा, ‘जितना तुम अनुभवी खिलाड़ियों को खेलते देखोगे, उतना ही बेहतर सीखोगे और बाद में बड़े खिलाड़ी बनोगे।’ उनका यह कथन हर फील्ड में समान रूप से लागू होता है।
 
Top