इंटरनेट पर उपलब्ध ई-लाइब्रेरी से भी आप अपने ज्ञान के दायरे को विस्तार दे सकते हैं...
आईटी, कंप्यूटर और इंटरनेट के जमाने में अब
ई-लाइब्रेरी का दौर शुरू हो गया है, यानी लाइब्रेरी की सुविधा प्राप्त करने
के लिए अब पु्स्तकालय जाने की जरूरत नहीं है, बल्कि कंप्यूटर पर ऑनलाइन ही
लाइब्रेरी की तमाम सुविधाओं का लाभ उठाया जा सकता है। ई-लाइब्रेरी यानी
लाइब्रेरी ऑन नेट इंटरनेट पर मौजूद पुस्तकों व अन्य संबंधित सूचनाओं का
भंडार है। ई-लाइब्रेरी को एक्सेस करने के लिए संबंधित वेबसाइट पर विजिट
करने की जरूरत होती है। कुछ वर्चुअल लाइब्रेरी पर आइए डालते हैं एक नजर-
- www.books.google.com :
- ज्ञान के भंडार गूगल पर पुस्तक प्रेमियों के लिए भी खास इंतजाम है। इसकी सर्विस गूगल बुक्स में विभिन्न विषयों से संबंधित लाखों पुस्तकें उपलब्ध हैं। आप अपनी रुचि और जरूरत के अनुसार किसी भी पुस्तक का चयन कर सकते हैं।
- www.questia.com
- : तरह-तरह के विषयों से संबंधित हजारों ऑनलाइन पुस्तकें इस वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। साथ ही कई तरह के जर्नल और मैग्जीन को पढ़ने की भी सुविधा भी इस वेबसाइट पर है। इसके माध्यम से तमाम साहित्यिक रचनाओं का भी अवलोकन किया जा सकता है।
- www.ipl.org :
- इसका पूरा नाम इंटरनेट पब्लिक लाइब्रेरी है, जो आपके लिए किसी जानकारी के खजाने से कम नहीं है। यहां साइंस, आर्ट्स, कंप्यूटर, लॉ, बिजनेस जैसे विभिन्न विषयों से संबंधित कई उपयोगी सूचनाएं उपलब्ध हैं। इस ई-लाइब्रेरी के रीडिंग रूम ऑप्शन को क्लिक करें और विभिन्न पुस्तकें, मैग्जीन, न्यूजपेपर्स आदि को पढऩे का लुत्फ उठाएं।
- www.onlinebooks.library.upenn.edu :
- इस ऑनलाइन लाइब्रेरी की खास सुविधा यह है कि इसे रोजाना अपडेट किया जाता है। किताबो के अलावा इस पर विभिन्न समाचारों के बारे में भी जानकारी मिल सकती है। इसके लिए आप जरूरी ऑप्शन पर क्लिक करें, आप मनचाही पुस्तक या समाचार तक पहुंच जाएंगे।
- www.childrenslibrary.org :
- बच्चों को ध्यान में रखकर इस वेबसाइट का निर्माण किया गया है। इस पर बच्चों से संबंधित तमाम पुस्तकें उपलब्ध हैं।
- www.nationallibrary.gov.in :
- भारत सरकार की देखरेख में चलने वाली नेशनल लाइब्रेरी देश का सबसे बड़ा पुस्तकालय है। इसकी वेबसाइट से इसमें उपलब्ध पुस्तकों और अन्य सुविधाओं के बारे में तमाम बातों की जानकारी मिलती है।
- www.dli.ernet.in
- : बेंगलुरु स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस द्वारा डिजिटल लाइब्रेरी ऑफ इंडिया का संचालन किया जाता है। इस पर विभिन्न बुक, जर्नल, न्यूजपेपर, मैन्यूस्क्रिप्ट आदि आपको मिल जाएंगे।
- www.bl.uk :
- ब्रिटिश लाइब्रेरी पर दुनिया की किसी भी विषय से संबंधित ज्ञान-विज्ञान की पुस्तकें आप पढ़ सकते हैं। इस पर ऑनलाइन गैलरी के अलावा अन्य कई उपयोगी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। गणेश कुमार पांडे